टूटता रहा आशियाना तो बर्दाश्त नहीं कर पाए बाप-बेटे, बुलडोजर देख पेड़ से लगाया फंदा; एक की हालत नाजुक
उत्तर प्रदेश से आत्महत्या और उसकी कोशिश से जुड़े दो दिल दहला देने वाले मामले सामने आए हैं। पहला मामला शाहजहांपुर का है, जहां प्रशासन की टीम द्वारा मकान तोड़ने की कार्रवाई से क्षुब्ध होकर बाप-बेटे समेत तीन लोगों ने अधिकारियों के सामने ही फांसी लगा ली। वहीं, दूसरी घटना फर्रुखाबाद की है, जहां एक बीमार महिला ने खौफनाक कदम उठाते हुए अपनी जान दे दी और उसे बचाने आई सगी बहन को भी दांतों से काट लिया।
जेसीबी देखते ही मचा हड़कंप, पेड़ पर झूल गए तीन लोग
शाहजहांपुर जिले के जलालाबाद थाना क्षेत्र के मगटोरा गांव के मजरेता में मंगलवार दोपहर उस वक्त चीख-पुकार मच गई, जब प्रशासन की टीम एक चकरोड पर बने मकान को अवैध बताकर तोड़ने के लिए भारी पुलिस बल और जेसीबी लेकर पहुंच गई। जैसे ही टीम ने कार्रवाई शुरू की, पीड़ित परिवार विरोध पर उतर आया। अपना आशियाना आंखों के सामने उजड़ता देख बाप-बेटे समेत तीन लोग इस कदर हताश हो गए कि उन्होंने घर के पास ही स्थित एक पेड़ पर फांसी का फंदा डालकर जान देने की खौफनाक कोशिश की।
पुलिस ने दो को बचाया, अस्पताल पहुंचे सिटी मजिस्ट्रेट
अधिकारियों के सामने अचानक तीन लोगों के पेड़ पर लटकने से मौके पर अफरातफरी मच गई। पुलिसकर्मियों ने तुरंत फुर्ती दिखाते हुए फंदे से लटके दो लोगों को किसी तरह नीचे उतारा और उनकी जान बचा ली। हालांकि, तीसरे व्यक्ति की हालत बेहद गंभीर हो गई, जिसे आनन-फानन में मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। घटना की गंभीरता को देखते हुए देर शाम सिटी मजिस्ट्रेट भी अस्पताल पहुंचे और हालात का जायजा लिया। ग्रामीणों के मुताबिक, करीब एक साल पहले भी प्रशासन की टीम इसी मकान को तोड़ने के लिए आई थी।
मौत को गले लगाने से रोक रही थी बहन, दांतों से काटा और लगा ली फांसी
उधर, यूपी के ही फर्रुखाबाद जिले के कटरी क्षेत्र स्थित गांव कुआं खेड़ा वजीर आलम की बड़ी खजुरिया में भी एक दर्दनाक घटना घटी। मंगलवार सुबह 35 वर्षीय चांदनी नाम की महिला का शव घर की ऊपरी मंजिल पर फांसी के फंदे से लटकता मिला। ससुराल वालों का दावा है कि वह अपनी लंबी बीमारी से बेहद परेशान थी। सबसे खौफनाक बात यह रही कि जब चांदनी साड़ी के पल्लू से फंदा बना रही थी, तब उसकी छोटी बहन नीलम वहां मौजूद थी। नीलम ने उसे रोकने और फंदे से उतारने की भरपूर कोशिश की, लेकिन मौत को गले लगाने पर आमादा चांदनी ने अपनी ही बहन के हाथ पर दांतों से बुरी तरह काट लिया और फंदे पर झूल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और मायके पक्ष को भी सूचित कर दिया गया है।



Post Comment