थार पार्क करते समय पोते ने लगा दिया बैक गियर, दीवार और गाड़ी के बीच कुचलकर दादी की दर्दनाक मौत का VIDEO वायरल
फर्रुखाबाद (उत्तम हिन्दू न्यूज): उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले से एक बेहद दर्दनाक और दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक घर के अंदर थार गाड़ी पार्क करते समय हुई भयानक लापरवाही ने एक बुजुर्ग महिला की जान ले ली। सोशल मीडिया पर इस खौफनाक हादसे का सीसीटीवी फुटेज तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे देखकर किसी की भी रूह कांप जाए। इस रोंगटे खड़े कर देने वाले हादसे में थार चला रहे पोते से भारी चूक हो गई, जिससे गाड़ी तेज रफ्तार में पीछे की तरफ दौड़ी और गेट बंद कर रही उसकी अपनी दादी को दीवार से कुचल दिया।
क्या है वायरल वीडियो का खौफनाक सच?
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस सीसीटीवी वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि एक युवक थार गाड़ी को अपने घर के अंदर पार्क कर रहा है। उसकी मदद के लिए घर की एक बुजुर्ग महिला लोहे का बड़ा गेट खोलती है और युवक गाड़ी को अंदर ले जाता है। इसके बाद जैसे ही महिला गेट बंद करने लगती है, अचानक थार तेजी से बैक होने लगती है। वीडियो में महिला के चीखने-चिल्लाने की आवाजें आती हैं, लेकिन गाड़ी उसे पीछे की तरफ धकेलते हुए सीधे एक पक्की दीवार में जाकर जोर से टकरा जाती है। इस खौफनाक मंजर के बीच थार और दीवार के बीच वह महिला पूरी तरह से फंस कर कुचल जाती है।
Horrifying Visual from Farukhabad, UP.
— Jitender Sharma (@capt_ivane) April 4, 2026
पोता गाड़ी पार्क कर रहा था लेकिन अचानक बैक गियर लगने की वजह से दादी की गाड़ी और दीवार के बीच फँसकर दर्दनाक मौत। pic.twitter.com/yLSDMtywWc
पोते की एक गलती ने ले ली दादी की जान
जानकारी के मुताबिक, यह दिल दहला देने वाली घटना फर्रुखाबाद शहर की आवास विकास कॉलोनी में न्यू एलआईसी बिल्डिंग के सामने वाली गली में गुरुवार रात करीब 8:30 बजे घटी। हालांकि, इस दर्दनाक हादसे का सीसीटीवी वीडियो अब सामने आया है। स्थानीय लोगों के अनुसार थार को पार्क कर रहा युवक कोई और नहीं बल्कि उस बुजुर्ग महिला का सगा पोता था। पार्किंग के दौरान गाड़ी अचानक बैक गियर में काफी दूर तक पीछे चली गई, और इसी लापरवाही के कारण यह खौफनाक हादसा हो गया।
स्वास्थ्य विभाग से रिटायर थीं मृतका सरला कटियार
इस दर्दनाक हादसे में जान गंवाने वाली 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला की पहचान सरला कटियार के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार वह स्वास्थ्य विभाग से सेवानिवृत्त (रिटायर) कर्मचारी थीं। उनके बेटे की फर्रुखाबाद में ही निर्मला मेडिकल स्टोर नाम से एक मेडिकल की दुकान है। गुरुवार की शाम को जब उनका पोता थार लेकर घर लौटा था, तब दादी प्यार से उसके लिए दरवाजा खोलने गई थीं। उन्हें इस बात का जरा भी अंदाजा नहीं था कि अगले ही पल यह गाड़ी उनकी मौत का कारण बन जाएगी। हादसे के बाद पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है।



Post Comment