Loading Now

मजबूरी में लगवाई गई वैक्सीन ने ली मेरे पिता की जान’, 4 साल बाद शेन वार्न के बेटे का सनसनीखेज दावा

दुनिया के महानतम स्पिनरों में शुमार शेन वार्न के निधन को चार साल बीत चुके हैं, लेकिन अब उनकी अचानक हुई मौत को लेकर एक ऐसा सनसनीखेज दावा सामने आया है जिसने क्रिकेट जगत से लेकर आम लोगों तक में खलबली मचा दी है। शेन वार्न के बेटे जैक्सन वार्न ने चौंकाने वाला खुलासा करते हुए दावा किया है कि उनके पिता की जान उन कोविड टीकों (वैक्सीन) की वजह से गई, जिन्हें उन्हें अपने काम के सिलसिले में मजबूरी में लगवाना पड़ा था। जैक्सन के इस बयान ने वैक्सीन के साइड इफेक्ट्स को लेकर एक बार फिर नई बहस छेड़ दी है।

वैक्सीन से खुलकर सामने आईं शरीर में छिपी बीमारियां

एक मशहूर पॉडकास्ट ‘2 वर्ल्ड्स कोलाइड’ में बातचीत के दौरान जैक्सन ने अपने पिता की मौत और सेहत से जुड़े कई राज खोले। साल 2022 में थाईलैंड में 52 वर्ष की उम्र में शेन वार्न का दिल का दौरा पड़ने से अचानक निधन हो गया था। जैक्सन ने माना कि उनके पिता को पहले से कुछ स्वास्थ्य समस्याएं जरूर थीं, लेकिन उनका पक्का मानना है कि वैक्सीन ने उनकी जान लेने में बड़ी भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि वैक्सीन लगने के कारण ही उनके पिता की बीमारियां एकदम से खुलकर सामने आ गईं। जैक्सन ने बेबाकी से कहा कि उन्हें अब यह सच बोलने से किसी विवाद का डर नहीं है, क्योंकि यह एक ऐसी बात है जो उन्हें हमेशा अंदर ही अंदर परेशान करती रहती है।

पिता की मौत की खबर सुनते ही सरकार और वैक्सीन पर फूटा था गुस्सा

जैक्सन ने उस मनहूस दिन को याद करते हुए बताया कि जैसे ही उन्हें फोन पर पिता के निधन की मनहूस खबर मिली, तो उनका पहला रिएक्शन सरकार और कोविड वैक्सीन को ही दोष देना था। उन्होंने एक बड़ा खुलासा करते हुए बताया कि वह अपने पिता की शोक सभा में भी इस सच को दुनिया के सामने चीख-चीख कर कहना चाहते थे, लेकिन उन्होंने बड़ी मुश्किल से खुद पर काबू पाया। जैक्सन का मानना है कि अगर उन्होंने उस वक्त ऐसा किया होता, तो आज उनकी स्थिति बिल्कुल अलग होती, लेकिन उनके दिल ने हमेशा से इसी बात को सच माना है।

काम के लिए मजबूरी में लेनी पड़ी थीं 3 से 4 डोज

अपने दर्द को बयां करते हुए जैक्सन ने कहा कि उस दौरान अचानक दिल का दौरा पड़ने से बहुत से लोगों की मौत हो रही थी, लेकिन उनके डैड बिल्कुल ठीक थे। उन्होंने बताया कि शेन वार्न ने वैक्सीन की कम से कम तीन या चार डोज ली थीं, जबकि वह अंदर से इसे बिल्कुल नहीं लगवाना चाहते थे। जैक्सन के मुताबिक, अपने काम को जारी रखने और यात्रा करने के लिए उन्हें अन्य लोगों की तरह मजबूरन ये टीके लगवाने पड़े। हालांकि, जैक्सन ने यह भी कहा कि वह अब इस बारे में ज्यादा नहीं सोचना चाहते क्योंकि इससे केवल उनका गुस्सा ही बढ़ता है और गुस्सा किसी के लिए भी अच्छा नहीं होता।

सिगरेट-शराब पीने के बावजूद एकदम फिट और खुश दिख रहे थे वार्न

शेन वार्न की लाइफस्टाइल को लेकर उठने वाले सवालों पर जैक्सन ने कहा कि धूम्रपान करने और शराब पीने के बावजूद उनके पिता अपेक्षाकृत काफी स्वस्थ और खुश थे। निधन से कुछ समय पहले वे काफी अच्छे और फिट दिख रहे थे। जैक्सन ने तर्क देते हुए कहा कि 80 से 90 साल की उम्र के कई लोग उनके पिता से कहीं ज्यादा शराब और सिगरेट पीते हैं, लेकिन वे जीवित हैं। गौरतलब है कि शेन वार्न अपनी मौत से कुछ महीने पहले कोविड-19 से भी संक्रमित हुए थे, लेकिन जब उनका अचानक निधन हुआ तब वह किसी भी तरह की जानलेवा या गंभीर बीमारी से नहीं जूझ रहे थे।

Post Comment

खेल / मनोरंजन / लाइफस्टाइल