Loading Now

Open AI के सीईओ सैम ऑल्टमैन पर हमला, घर पर फेंका गया पेट्रोल बम; संदिग्ध गिरफ्तार

Open AI

अमेरिका में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस कंपनी OpenAI के सीईओ Sam Altman के घर पर हमले का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस घटना में 20 वर्षीय एक युवक को गिरफ्तार किया है।

यह हमला शुक्रवार सुबह करीब 4 बजे San Francisco के नॉर्थ बीच इलाके में स्थित एक रिहायशी संपत्ति पर हुआ। आरोपी ने ऑल्टमैन के घर पर मोलोटोव कॉकटेल (पेट्रोल बम) फेंका और मौके से फरार हो गया। हमले में घर के बाहरी गेट का एक हिस्सा जल गया, हालांकि कोई भी व्यक्ति घायल नहीं हुआ।

San Francisco Police Department के अनुसार, घटना के करीब एक घंटे बाद आरोपी को OpenAI के मुख्यालय के पास गिरफ्तार कर लिया गया, जहां वह इमारत को आग लगाने की धमकी दे रहा था। कंपनी के प्रवक्ता ने पुष्टि की है कि यह घर सैम ऑल्टमैन का ही है। उन्होंने बताया कि सभी लोग सुरक्षित हैं और पुलिस की त्वरित कार्रवाई के लिए आभार जताया गया है। कंपनी इस मामले में जांच एजेंसियों के साथ पूरा सहयोग कर रही है।

फिलहाल हमले के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है और पुलिस जांच जारी है। यह घटना ऐसे समय पर हुई है जब OpenAI और उसके नेतृत्व को लेकर सुरक्षा चिंताएं बढ़ रही हैं। हाल के महीनों में कंपनी के दफ्तरों के बाहर विरोध प्रदर्शन और धमकी भरी घटनाएं भी सामने आई हैं। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस को लेकर वैश्विक स्तर पर बहस तेज हो गई है, और कुछ हलकों में अमेरिकी रक्षा विभाग के साथ संभावित सहयोग को लेकर भी आलोचना हो रही है।

मोलोटोव कॉकटेल क्या है?
मोलोटोव कॉकटेल एक देसी ज्वलनशील हथियार होता है, जिसे आमतौर पर कांच की बोतल में पेट्रोल या अन्य ज्वलनशील तरल भरकर बनाया जाता है। इसके मुंह पर कपड़ा लगाकर उसे जलाया जाता है और फिर लक्ष्य की ओर फेंका जाता है। बोतल टूटते ही ज्वलनशील पदार्थ फैलकर आग पकड़ लेता है, जिससे तेजी से आग फैलती है। इसका इस्तेमाल आमतौर पर दंगों या हिंसक घटनाओं में किया जाता है।

Post Comment

खेल / मनोरंजन / लाइफस्टाइल