Loading Now

PSL को लात मारकर IPL में आया ये स्टार गेंदबाज, KKR ने दिया मौका तो बौखलाया पाकिस्तान; अब लेगा बड़ा एक्शन

psl

नई दिल्ली : पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) के 11वें सीजन का रोमांच 26 मार्च से शुरू होने जा रहा है, लेकिन टूर्नामेंट के आगाज से पहले ही पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) को एक बेहद करारा झटका लगा है। जिम्बाब्वे के स्टार तेज गेंदबाज ब्लेसिंग मुजरबानी ने पीएसएल के अपने कॉन्ट्रैक्ट को ठुकरा कर दुनिया की सबसे अमीर क्रिकेट लीग आईपीएल (IPL) में खेलने का फैसला किया है। मुजरबानी के इस अचानक उठाए गए कदम से पाकिस्तानी क्रिकेट खेमे में भारी बौखलाहट है और पीसीबी अब इस खिलाड़ी के खिलाफ कड़ा एक्शन लेते हुए बैन लगाने की तैयारी कर रहा है।

इस्लामाबाद यूनाइटेड को छोड़ केकेआर से मिलाया हाथ

मुजरबानी को पीएसएल की फ्रेंचाइजी और तीन बार की चैंपियन रही ‘इस्लामाबाद यूनाइटेड’ ने शमार जोसेफ के रिप्लेसमेंट के तौर पर अपनी टीम में शामिल किया था। लेकिन हाल ही में हुए टी20 वर्ल्ड कप 2026 में मुजरबानी के धमाकेदार प्रदर्शन ने पूरी स्थिति बदल दी। उन्होंने वर्ल्ड कप के महज 6 मैचों में 13 विकेट चटकाए, जिसमें ऑस्ट्रेलिया जैसी मजबूत टीम के खिलाफ 4 विकेट का घातक स्पेल भी शामिल था। इस शानदार फॉर्म को देखते हुए कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने उन्हें बांग्लादेश के मुस्तफिजुर रहमान की जगह अपनी टीम में शामिल कर लिया है। केकेआर ने रहमान को जनवरी में रिलीज कर दिया था।

पाकिस्तानी बोर्ड को लगी मिर्ची, एक साल का लगेगा बैन!

आईपीएल का रास्ता चुनते ही मुजरबानी ने पीएसएल से किनारा कर लिया, जिससे पीसीबी बुरी तरह तिलमिला गया है। पाकिस्तानी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पीसीबी इस तेज गेंदबाज के खिलाफ सख्त कानूनी कदम उठाने की योजना बना रहा है। माना जा रहा है कि मुजरबानी पर पीएसएल खेलने से एक साल का बैन लगाया जा सकता है। आपको बता दें कि यह लगातार दूसरा साल है जब पीएसएल को दुनिया भर में ऐसी फजीहत का सामना करना पड़ा है। पिछले सीजन में कोर्बिन बॉश ने भी पीएसएल छोड़कर मुंबई इंडियंस का दामन थाम लिया था, जिसके बाद उन पर पीएसएल की तरफ से एक सीजन का बैन लगा दिया गया था।

टी20 क्रिकेट का बड़ा नाम हैं ब्लेसिंग मुजरबानी

जिम्बाब्वे क्रिकेट के सबसे सफल और घातक गेंदबाजों में शुमार ब्लेसिंग मुजरबानी के पास टी20 फॉर्मेट का तगड़ा अनुभव है। वह अपने करियर में अब तक 89 टी20 इंटरनेशनल मैच खेल चुके हैं, जिसके दौरान उन्होंने 106 बल्लेबाजों को पवेलियन का रास्ता दिखाया है। दिलचस्प बात यह है कि वह लगातार दूसरे सीजन में आईपीएल का हिस्सा बनने जा रहे हैं। पिछले सीजन में मुजरबानी चैंपियन टीम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के स्क्वॉड का हिस्सा थे, हालांकि तब उन्हें मैदान पर उतरकर डेब्यू करने का मौका नहीं मिल पाया था। अब देखना दिलचस्प होगा कि केकेआर उन्हें प्लेइंग इलेवन में मौका देती है या नहीं।

Previous post

इंडिगो यात्रियों को झटका, आज से हवाई सफर हुआ महंगा; टिकट बुक करने से पहले जान लें कितने बढ़ गए दाम

Next post

पंजाब के 6 स्कूलों को फिर मिली बम से उड़ाने की धमकी; ईमेल में लिखा- असेंबली-दिल्ली में ट्रेनों में ब्लास्ट होंगे

Post Comment

खेल / मनोरंजन / लाइफस्टाइल