Loading Now

पंजाब के 6 स्कूलों को फिर मिली बम से उड़ाने की धमकी; ईमेल में लिखा- असेंबली-दिल्ली में ट्रेनों में ब्लास्ट होंगे

PUNJAB

जालंधर- पंजाब के जालंधर में छह निजी स्कूलों, दिल्ली जाने वाली एक ट्रेन, पंजाब विधानसभा और डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमाओं को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद हड़कंप मच गया। यह धमकी कथित तौर पर ‘खालिस्तान नेशनल आर्मी’ के नाम से भेजी गई दो ईमेल के जरिए दी गई है। सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं और संबंधित स्थानों पर जांच शुरू कर दी गई।

पहली ईमेल में एपीजे स्कूल, दिल्ली पब्लिक स्कूल समेत कुछ अन्य स्कूलों के साथ विधानसभा और डॉ. अंबेडकर की प्रतिमाओं का जिक्र किया गया। दूसरी ईमेल में सिटी ग्रुप ऑफ स्कूल्स, अकाल एकेडमी और सेंट सोल्जर डिवाइन स्कूल का नाम लिखा गया है। धमकी मिलने के बाद स्कूल प्रशासन ने तुरंत पुलिस को सूचित किया, जिसके बाद कई स्कूलों में सुरक्षा जांच की जा रही है। एपीजे स्कूल में भी पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर जांच कर रही है।

14 अप्रैल तक प्रतिमाएं हटाने की धमकी
ईमेल में जालंधर जिले में स्थापित डॉ. अंबेडकर की प्रतिमाओं को हटाने की धमकी भी दी गई है। संदेश में लिखा गया है कि 14 अप्रैल तक यदि प्रतिमाएं नहीं हटाई गईं तो बम धमाके किए जाएंगे। इसके साथ ही अलग-अलग स्थानों के लिए अलग-अलग समय का भी जिक्र किया गया है।

धमकी भरी ईमेल कथित तौर पर ‘हाबी दानबा’ नाम के एक अकाउंट से सुबह करीब 7:37 बजे भेजी गई। इसमें विभिन्न स्थानों पर हमले की बात कही गई है और कई भड़काऊ व धमकी भरे संदेश भी लिखे गए हैं।

सुरक्षा एजेंसियां जांच में जुटीं
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और खुफिया एजेंसियों ने जांच शुरू कर दी है। स्कूलों और अन्य संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है और ईमेल भेजने वाले की पहचान करने के लिए साइबर टीम को भी लगाया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले को गंभीरता से लिया गया है और सभी संभावित स्थानों पर जांच व सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके।

Post Comment

खेल / मनोरंजन / लाइफस्टाइल